आपकी बात मेरी ज़ुबान से
Sunday, September 5, 2010
शिक्षक दिवस
शिक्षक दिवस पर राष्ट्र के सभी शिक्षकों को हमारी हार्दिक शुभकामनायें और शत-शत नमन. हम कामना करते हैं कि जैसी घोर दुर्दशा हमारे देश में शिक्षकों की होती है ऐसी दुर्दशा किसी और देश में शिक्षकों की न हो. कहने को तो बेचारे ये शिक्षक हैं पर शिक्षा से इनका लेना-देना बहुत कम होता है. ज्यादातर समय तो इनका और कामों में ही बीतता है. अगर किसी कालेज या विश्वविद्यालय के शिक्षक हैं तो ये अपना समय राजनीति में बिताते हैं. बच्चों को( जो बच्चे नहीं होते) राजनीति ही पढ़ाते हैं और राजनीति ही करते हैं. शिक्षा जैसी चीज तो ये शायद ही देते हैं. बहुत अच्छे हुए तो किताब में लिखा हुआ पढ़कर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री समझ लेते हैं पर शिक्षा हरगिज नहीं देते. और अगर कोई शिक्षक देना चाहे तो दूसरे शिक्षक जो राजनीति में दक्ष होते हैं छात्र नेताओं से मिलकर उसके मुंह में कालिख लगवा देते हैं या फिर और किसी तरह से उसका जनाजा निकलवा देते हैं. छात्रों को प्रबंधन के खिलाफ भड़काकर कालेज में हड़ताल करवा देना ही ऐसे शिक्षकों का प्रिय विषय होता है. इससे इन्हें राजनीति करने की और छात्रों को मौज मस्ती करने की फुर्सत मिल जाती है.
जहाँ तक स्कूली शिक्षकों की बात है तो साथियों, ये बेचारे तो किस्मत के मारे होते हैं. ये पढ़ाना तो चाहते हैं किन्तु इन्हें पढ़ाने ही नहीं दिया जाता. सरकारें इन्हें कभी बच्चों को पोलिओ ड्राप्स पिलाने सुदूर गावों में भेज देती हैं तो कभी इनसे जन गणना करवाने लगती हैं. चुनावी ड्यूटी तो जैसे इनका मुख्य काम हो. चुनाव आया कि मास्टर लगे बीमार पड़ने. उन्हें पता होता है कि बीमार नहीं पड़े तो मरे. चुनाव कहीं भी हो किसी का हो पर करवाएंगे मास्टर लोग ही. अगर इन सब ड्यूटियों से किसी तरह बच भी गए तो स्कूल में बच्चों को मिड डे मील बनाकर खिलाना होता है. घर में बेचारा बीवी पर हुक्म चलाता होगा पर स्कूल में रसोइये का काम करता है. शायद सरकारें भी यही चाहती हैं कि मास्टर चूल्हा-चौका में ही उलझा रहे और बच्चे अनपढ़-गवांर ही रहें. जो भी हो मैं तो बस ये कह रहा था कि हमारे यहाँ के शिक्षक बहुत बुरी दशा को प्राप्त हो रहे हैं इन्हें उससे मुक्ति मिले हमारी यही कामना है. हो सके तो आप लोग ही कुछ करिए. कम से कम इनसे चूल्हा चौका तो मत करवाइए.
हाँ एक बात अवश्य है कि शिक्षा के नाम पर जो लूट मची है वह ज़रूर काबिले तारीफ़ है. प्राइवेट स्कूल और कालेज न होते तो शिक्षा का अब तक सत्यानाश हो गया होता. चाहे डोनेशन लेकर चाहे कम वेतन पर शिक्षकों को रखकर इन्होंने शिक्षा को बढ़ावा तो खूब दिया है. देखा-देखी हर गली हर मोहल्ले में स्कूल कालेज खुल गए और शिक्षा को खूब बढ़ावा मिला. मैं तो खुश हूँ. ये प्राइवेट वाले इतनी लगन से पढ़ाते हैं कि अगर बच्चे को स्कूल में समझ में न आये तो कोचिंग की भी व्यवस्था रखते हैं. अब इससे ज्यादा शिक्षा के लिए कोई क्या कर सकता है. फिर भी मुझे बहुत दुःख होता है कि लोग शिक्षा और शिक्षकों के लिए किये गए इनके प्रयासों की प्रशंसा नहीं करते. हमें इतना एहसान फरामोश तो नहीं होना चहिये भाई. चलो कम से कम आज ही इनकी प्रशंसा कर दो. शेष अगले शिक्षक दिवस पर...
Wednesday, July 7, 2010
भारत बंद
किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन करने के लिए बंद और हड़ताल एक कारगर हथियार है. वस्तुतः यह एक पुराना नुस्खा है. जब हमें सरकार की नीतियों के प्रति नाराजगी प्रकट करनी होती है तो प्रायः हम इसी तरह की हरकतों का सहारा लेते हैं. और लें भी क्यों न? आखिर सब्र की भी एक सीमा होती है. कोई कहाँ तक सहे भाई? सरकार का मतलब यह नहीं कि वह जो चाहे सो करती रहे और हम हाथ पर हाथ धरे बैठे रहें. महंगाई है कि सुरसा की तरह बढ़ती ही जा रही है और सरकार बिल्कुल चुप्पी साधे हुए है. तो विरोधी दल मर थोड़े ही गए हैं कि इतना बढिया मौका हाथ से चले जाने देंगे. वो भी तब जब संसद का मान्सून सत्र एकदम सामने है. तो मौके का लाभ उठाते हुए उन्होने भी सोमवार को भारत बन्द का आह्वान कर दिया और कार्यकर्ता तो इस फिराक में रह्ते ही हैं कि कब पार्टी आलाकमान हड़ताल या बन्द का आह्वान करे और वे सडक पर उतरकर देश सेवा का यह पुनीत अवसर भुनाएं. सो उन्होंने इस अवसर का पूरा-पूरा लाभ उठाया और भारत बन्द में अपना पूरा सहयोग दिया. जो पार्टियाँ उस दिन किसी कारणवश बन्द में भाग नहीं ले सकीं उन्होंने दूसरे दिन बन्द का आयोजन किया. इसे कहते हैं लोक-प्रेम और एकजुटता. बन्द होने से बाजार नहीं खुले, गाड़ियाँ नहीं चलीं और लोग अपने घरों में दुबके रहे. लिहाजा दुकानों में इस्तेमाल होने वाली बिजली बची और वाहनों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की भी बचत हुई. लोगों के दफ्तर आने-जाने का किराया और खाने-पीने का खर्चा भी बचा. बाहर निकलते तो कुछ न कुछ खर्च तो हो ही जाता. और कुछ नहीं तो चाय ही पीते. जो ज्यादा खर्चीले स्वभाव वाले लोग हैं वे तो पूरा लंच लेकर ही दम लेते. बंद होने से उनका ये खर्चा कम हुआ कि नहीं? उधर घर में भौजाइयों को किचन के काम से मुक्ति मिली. बाजार भी बन्द रहे. लिहाजा कोई खरीदारी भी नहीं हुई. इस तरह से देश के करोड़ो रूपये बचे और साथ ही महंगाई से भी कुछ तो छुटकारा मिला ही, भले ही वह एक दिन के लिए हो. हमने सरकार को अपनी ताकत का एहसास भी करा दिया. यदि इसी प्रकार से लोग सहयोग करें और पूरे वर्ष भारत बन्द रखें तो कैसा हो? मैं तो कहता हूँ कि हमें अपने विरोधी देशों के प्रति नाराजगी 'भारत बन्द' के जरिये ही प्रकट करनी चाहिए. हम पूरे वर्ष भारत बन्द रखें और विश्व के अन्य देशों को एहसास करा दें कि हममें कितना दम है. यकीन मानिए, वर्ष भर भारत बन्द होते ही सारे देश पटरी पर आ जाएंगे और विश्व में भारत का पर्चम लहरा उठेगा.
Subscribe to:
Posts (Atom)