भारत बंद
किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन करने के लिए बंद और हड़ताल एक कारगर हथियार है. वस्तुतः यह एक पुराना नुस्खा है. जब हमें सरकार की नीतियों के प्रति नाराजगी प्रकट करनी होती है तो प्रायः हम इसी तरह की हरकतों का सहारा लेते हैं. और लें भी क्यों न? आखिर सब्र की भी एक सीमा होती है. कोई कहाँ तक सहे भाई? सरकार का मतलब यह नहीं कि वह जो चाहे सो करती रहे और हम हाथ पर हाथ धरे बैठे रहें. महंगाई है कि सुरसा की तरह बढ़ती ही जा रही है और सरकार बिल्कुल चुप्पी साधे हुए है. तो विरोधी दल मर थोड़े ही गए हैं कि इतना बढिया मौका हाथ से चले जाने देंगे. वो भी तब जब संसद का मान्सून सत्र एकदम सामने है. तो मौके का लाभ उठाते हुए उन्होने भी सोमवार को भारत बन्द का आह्वान कर दिया और कार्यकर्ता तो इस फिराक में रह्ते ही हैं कि कब पार्टी आलाकमान हड़ताल या बन्द का आह्वान करे और वे सडक पर उतरकर देश सेवा का यह पुनीत अवसर भुनाएं. सो उन्होंने इस अवसर का पूरा-पूरा लाभ उठाया और भारत बन्द में अपना पूरा सहयोग दिया. जो पार्टियाँ उस दिन किसी कारणवश बन्द में भाग नहीं ले सकीं उन्होंने दूसरे दिन बन्द का आयोजन किया. इसे कहते हैं लोक-प्रेम और एकजुटता. बन्द होने से बाजार नहीं खुले, गाड़ियाँ नहीं चलीं और लोग अपने घरों में दुबके रहे. लिहाजा दुकानों में इस्तेमाल होने वाली बिजली बची और वाहनों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन की भी बचत हुई. लोगों के दफ्तर आने-जाने का किराया और खाने-पीने का खर्चा भी बचा. बाहर निकलते तो कुछ न कुछ खर्च तो हो ही जाता. और कुछ नहीं तो चाय ही पीते. जो ज्यादा खर्चीले स्वभाव वाले लोग हैं वे तो पूरा लंच लेकर ही दम लेते. बंद होने से उनका ये खर्चा कम हुआ कि नहीं? उधर घर में भौजाइयों को किचन के काम से मुक्ति मिली. बाजार भी बन्द रहे. लिहाजा कोई खरीदारी भी नहीं हुई. इस तरह से देश के करोड़ो रूपये बचे और साथ ही महंगाई से भी कुछ तो छुटकारा मिला ही, भले ही वह एक दिन के लिए हो. हमने सरकार को अपनी ताकत का एहसास भी करा दिया. यदि इसी प्रकार से लोग सहयोग करें और पूरे वर्ष भारत बन्द रखें तो कैसा हो? मैं तो कहता हूँ कि हमें अपने विरोधी देशों के प्रति नाराजगी 'भारत बन्द' के जरिये ही प्रकट करनी चाहिए. हम पूरे वर्ष भारत बन्द रखें और विश्व के अन्य देशों को एहसास करा दें कि हममें कितना दम है. यकीन मानिए, वर्ष भर भारत बन्द होते ही सारे देश पटरी पर आ जाएंगे और विश्व में भारत का पर्चम लहरा उठेगा.
No comments:
Post a Comment