आपकी बात मेरी ज़ुबान से

Saturday, March 19, 2011

थूक-धर्म


शीर्षक आपको थोड़ा अटपटा जरूर लग रहा होगा किन्तु क्या करें बात ही कुछ ऐसी है कि बिना कहे रहा भी नहीं जाता. हमारा देश विविधताओं वाला देश है. यहाँ विविध प्रकार के लोग निवास करते हैं जिनकी भिन्न-भिन्न आदतें हैं. बावजूद इसके सभी एक दूसरे को झेलते हैं. इन्हीं विविध प्रजातियों में से एक प्रजाति थूकने वालों की है जो जहाँ- तहाँ, मौके-बेमौके थूकती रहती है . मोटे तौर पर इस प्रजाति को चार श्रेणियों में विभक्त किया जा सकता है. सच कह रहा हूँ, इन थूकने वालों से तो भगवान् ही बचाए.
पहली श्रेणी के थूक धर्म निभाने वाले बड़े सफाई-पसंद लोग होते हैं. कहीं जा रहे हों और रस्ते में जरा सी गन्दगी दिखी नहीं कि फौरन थूका. थूक कर मानो ये बताना चाहते हों कि गन्दगी इन्हें बिलकुल पसंद नहीं और ऐसी गन्दगी फैलाने वालों पर ये थूकते हैं. दूसरी श्रेणी के लोग वे होते हैं जो साफ जगहों पर भी थूकते जाते हैं. उन्हें लगता है कि जहाँ लाखों की आबादी मलिन बस्तियों में रहती हो और जहाँ कचरे के ढेर पर उनके बच्चे अपना अमूल्य बचपन गुजारने पर मजबूर हों, जहाँ पूरी जिंदगी ही गन्दगी में गुजार देने की आदत पड़ गयी हो वहां ऐसी साफ जगह के होने का क्या मतलब? लानत है ऐसी साफ जगह पर और ऐसी सफाई पर. मै ऐसी सफाई पर थूकता हूँ. ऐसी सफाई को धिक्कार है. थू .
थूकने वालों में तीसरी प्रजाति उन लोगों की है जिन्हें बाहरी जगत की गन्दगी से कोई लेना देना नहीं होता. उन्हें अपने भीतर की गन्दगी ही सालती रहती है और अपने भीतर की गन्दगी के प्रति इस नफरत के चलते वे हर दूसरे मिनट थूकते रहते हैं. ऐसी श्रेणी के लोगों को इस बात का भी भान नहीं होता कि वे घर में हैं या किसी सार्वजनिक स्थान पर या किसी के ड्राइंग रूम में या कि फिर राजमार्ग पर. वे तो बस अपनी ही धुन में खोये रहते हैं और बिना सोचे विचारे, बिना आगे पीछे देखे थूकने का अपना पुनीत कर्त्तव्य निभाते रहते हैं. ऐसे लोगों को अपने घर बुलाकर मेजबान अपनी किस्मत को कोसता नजर आता है. ऐसे लोग यदि सड़क पर चल रहे हों तो इनके अगल बगल या आगे पीछे चलना बड़ा खतरनाक होता है. कब इनका मुंह खुले और कब ये अपना पुनीत थूक धर्म निभा बैठें इसकी कोई गारंटी नहीं होती.
इसके अलावा एक प्रजाति उन थूकने वालों की है जो खैनी, गुटखा या पान खाकर जगह जगह चित्रकारी करते चलते हैं. ऐसे लोग घर से लेकर दफ्तर,  सिनेमा हाल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तक अपनी छाप छोड़ते चलते हैं. इन्हें सादगी भरा जीवन कतई पसंद नहीं. दर असल ऐसे लोग चित्रकार होते हैं और धनाभाव के कारण रंग और ब्रुश नहीं खरीद पाते  हैं तथा अपनी पीक से ही चित्रकारी का यह शौक पूरा करते हैं . जब कभी ऐसे लोगों को आप अपने घर दावत इत्यादि पर बुलाएं तो जरा सजग रहें क्योंकि मौका पाते ही वे आपके बाथ रूम या ड्राइंग रूम में चित्रकारी का अपना यह हुनर जरूर दिखा देंगे और फिर आप अपना सिर पीटते रह जायेंगे.
थूकने वालों की एक अन्य प्रजाति उन लोगों की है जो यद्यपि  प्रत्यक्ष रूप में थूकते  दिखाई नहीं देते पर ये लोग प्रत्यक्ष तौर पर थूकने वालों की तुलना में ज्यादा खतरनाक होते हैं. इन लोगों द्वारा फैलाई गई गन्दगी को तो आप  चाहकर भी साफ़  नहीं कर सकते. ऐसे लोग पढ़ने के लिए  आप से पत्र-पत्रिकाएं लेते हैं और उसके हर पृष्ठ को अपने थूक के रंग से रंग देते हैं . शायद ऐसा करके  ये हर पन्ने पर अपनी छाप छोड़ जाना चाहते हैं ताकि आने वाली पीढ़ी उनके इस थूक धर्म को ऐसे ही निभाती रहे और उन्हें श्रद्धा पूर्वक नमन करती रहे.