आपकी बात मेरी ज़ुबान से

Wednesday, January 18, 2012

आप बुरा न मानें प्लीज !

बड़े दिन से मेरे ज़ेहन में एक सवाल उमड़ घुमड़ रहा है कि मेरे ब्लॉग पर कुछ लोग हमेशा मेरा पीछा क्यों करते रहते हैं यानि  मुझे फालो क्यों करते रहते हैं. आखिर इनकी मंशा क्या है? ये चाहते क्या  हैं मुझसे? शुरू शुरू में मैंने सोचा कि शायद कुछ दिन तक पीछा करने के बाद तंग आकर ये अपने आप कहीं और चले जायेंगे पर  ये लोग इतने ढीठ हैं कि मानते ही नहीं. हाथ धोकर मेरे ही पीछे पड़ गए हैं. कहीं और जाने का नाम ही नहीं लेते.और हैं भी गिनती के तीन-चार लोग, बस. अरे भाई वहां जाओ जहाँ ज्यादातर लोग जाते हैं. मेरे पीछे क्यों आते हो यार?  मेरा पीछा करके आप के हाथ कुछ नहीं आने वाला. वहां जाओ जहाँ कुछ मिलेगा. जहाँ ज्यादातर हमारे  ब्लॉगर भाई जाते हैं. ज्यादातर लोग महिलाओं के फालोअर्स होते  हैं, उनके ही  ब्लॉग पर जाते हैं. जाते हैं  और जाते ही  अपना फोटो उनके ब्लॉग पर चिपका कर शुरू कर देते हैं पीछा करना. अच्छा भी लगता है. कहने का  मतलब यह कि सुनने में अटपटा  नहीं लगता. पुरुष होकर कोई पुरुष का पीछा करे तो सुनने में थोड़ा अटपटा सा लगता है. पर अगर कोई पुरुष किसी महिला का अनुसरण करता है तो इसे स्वाभाविक माना जाता है. नैसर्गिक है.  कोई बुरी बात नहीं. पुरुष है तो महिला का पीछा करेगा ही.  अगर उस महिला ने कुछ लिखा है तो फिर कहना ही क्या. फौरन अपनी टिप्पणी भी दे देते हैं. चाहे उस महिला रचनाकार का  यह पहला प्रयास ही क्यों न हो.  या फिर उसने चाहे कैसी भी रचना क्यों न लिखी हो, पर उस पर टिप्पणी देना अपना पुनीत कर्तव्य समझते हुए ये फालोअर  -' बहुत सुन्दर अभिव्यक्ति' या 'क्या खूब कही' या 'अच्छा प्रयास' या 'सुन्दर रचना'- जैसी अभिव्यक्तियों से उसे अलंकृत कर देते हैं. अगर उसका कोई ब्लॉग नहीं है तो भी उसे चिंता करने की कोई जरूरत नहीं. लिखना नहीं आता तो क्या. कुछ फोटोग्राफ्स तो होंगे. ये भाई उसके ही कसीदे पढ़ देंगे. कुछ लोग तो यह  भी लिख देते हैं कि मेरे ब्लॉग का अनुसरण करके मेरा भी मनोबल जरूर बढ़ाएं. पता नहीं उनका ये अनुरोध स्वीकार किया जाता है या नहीं. नहीं भी स्वीकार किया जाय तो भी ये बुरा थोड़े  ही मानते हैं. ये तो आँख बंद करके एकाग्रचित्त होकर निष्काम भाव से अपना कर्म किये जाते हैं, बाकी हरि इच्छा. ऐसे ही मैंने एक दिन एक ब्लागर  भाई से पूछा कि भैया एक बात बताओ- ये अनुसरण कर्ता क्या होता है, जानते हैं आप ? ये किसी का अनुसरण क्यों करते हैं? इनसे कोई खतरा तो नहीं न? पुलिस में रिपोर्ट लिखाने की जरूरत तो नहीं पड़ेगी? वे कहने लगे कि पाण्डेय जी आप बिलकुल निश्चिन्त रहिये. कम से कम आपका तो कुछ बिगड़ने से रहा.कुल मिलाकर दो तीन लोग हैं, चले जायेंगे. आपके ब्लॉग पर आकर तो वे पछता ही रहे होंगे. वहां उन्हें कौन देखता होगा. अरे अनुसरण उसका किया जाता है  जिसके ब्लॉग पर दिन भर में सौ पचास लोग आते जाते हों. कम से कम अनुसरणकर्ताओं की फोटो देखेंगे तो भूले  से आप की फोटो पर भी क्लिक कर सकते हैं और फिर आप के ब्लॉग पर भी आ सकते हैं. आपकी रचना अच्छी लगी तो वे आपके फालोअर बन सकते हैं और इस तरह अनुसरणकर्ता का भी प्रचार हो जाता है. इसी लिए महिलाओं के ब्लॉग पर ज्यादा लोग जाते हैं. अगर आप भी चाहते हों कि आपकी रचनाओं पर अधिक से अधिक लोग टिप्पणियां भेजें और अधिक से अधिक लोग आपके ब्लॉग का अनुसरण करें तो ज्यादा जलने भुनने के बजाय भाभी जी के नाम से कोई ब्लॉग बना लो, फिर देखो कमाल. एक बात और जाते जाते उन्होंने कही- भलाई इसी में है कि आप भी महिलाओं के ही ब्लॉग का अनुसरण करें और उनकी रचनाओं पर ही टिप्पणियां लिखें वर्ना ऐसे ही फड़फडाते मर जायेंगे कोई झांकने भी नहीं आएगा और आप अकेले ही पड़े पड़े अपनी रचना निहारियेगा. तब से मैं  सिर्फ महिला ब्लॉगरों के ब्लॉग पर जाने लगा हूँ, उन्हीं की रचनाएँ पढ़ता  हूँ, टिप्पणियां लिखता हूँ और उन्हीं का अनुसरण भी करता हूँ. आप बुरा न मानें प्लीज !  
  

Thursday, January 5, 2012

जश्न प्रधान भारत


भारत एक कृषि प्रधान देश ही  नहीं बल्कि जश्न प्रधान देश भी  है. जश्न मनाने की शुरुआत   हम १  जनवरी  से करते हैं और समापन २५ दिसम्बर को. २५ दिसम्बर यानी बीटिंग रिट्रीट.  वैसे तो होली, दीवाली और नया वर्ष ये तीन बड़े प्रमुख पर्व हैं पर इनके अलावा भी हमारे यहाँ जश्न मनाने के अवसरों की कोई कमी नहीं है.हकीकत तो यह है कि  हम तकरीबन  हर रोज ही जश्न मनाते हैं. जश्न मनाने के मामले में हम कोई भेदभाव नहीं करते. नया वर्ष भले ही हमारा न हो पर हम इसे अपने वर्ष से कई गुना अधिक उत्साह से मनाते हैं.३१ दिसम्बर की शाम से  जो हम शुरू होते हैं तो फिर पूरी रात तांडव करते रहते हैं. तांडव भी ऐसा कि नया साल भी  देखकर एकबारगी सहम ही उठे. सोचने  पर मजबूर हो जाये कि इस महान धरती पर पग रखूं या नहीं. जी भरकर पीते हैं, छेड़खानी करते हैं, पिटते हैं, थाने जाते हैं और  कभी कभी थाने के लाक अप से  ही नए साल के  पहले  दिन का शुभारम्भ करते  हैं. फिर घर आकर पुराने साल की उल्टी करते हैं और हैंग ओवर(शराब अधिक पीने के बाद होने वाला सर दर्द) से मुक्ति पाने के लिए नींबू-पानी पीकर पुराने साल को कोसते हैं. जो ज्यादा आलसी होते हैं वे मोबाइल लेकर घर में पड़े रहते हैं या यूँ कहें कि घात  लगाये रहते हैं  कि घड़ी कब रात के बारह बजाये और वे एस एम् एस भेजना शुरू करें. सच पूछिये तो ऐसे लोग सन्देश पहले ही तैयार  रखते हैं और इनके हाथ की उंगली सेंड वाले बटन पर चौकस संतरी की तरह तैयार रहती है. १२ बजे  कि  बटन  दबा और एस एम् एस दौड़ शुरू. और इसी के साथ एक नया खेल शुरू होता है. प्राण प्यारी को भेजा गया मेसेज किसी और को चला जाता है, हिन्दी वाला मेसेज दूसरे व्यक्ति के सेट पर  पढने में ही नहीं आता है और फिर शुरू होता है गालियों का आदान- प्रदान. नव वर्ष मंगलमय हो. 
 फिर  कुछ दिनों में संत वलेंटाइन जी का पर्व आने वाला होता  है.  इस वर्ष  हम उसे धूम-धाम से मनाने की  अभी से  पूरी तैयारी कर रहे हैं. २६ जनवरी का पर्व ख़त्म हुआ नहीं कि हम वलेंटाइन पर्व मनाना शुरू कर देंगे. इस बार हम ये पर्व  केवल एक दिन नहीं बल्कि पूरे फरवरी माह तक मनाएंगे. वलेंटाइन माह. बल्कि मेरी राय में, जनवरी फरवरी के अलावा एक वलेंटाइन माह भी हो तो ज्यादा सहूलियत होगी.   पश्चिमी देश इस मामले में हम पर भेद-भाव का कोई आरोप हरगिज नहीं लगा सकते कि हम उनका पर्व नहीं मनाते या मनाने में कोई कोर कसर बाकी रखते हैं. दरअसल इस क्षेत्र में हम भारतवासी आवश्यकता से अधिक उदार हैं.   लगता ही नहीं कि हम एक दरिद्र और दकियानूसी  देश  हैं.  पता नहीं वे कौन लोग हैं जो आनर किलिंग करते रहते  हैं. यहाँ तो जिसे देखिये वही आनर को ताक़ पर रखकर बिना छोटे बड़े का लिहाज किये, हाथ में गुलाब का फूल लिए  आई लव यू  करने  के लिए १४ फरवरी का बेकरारी से इंतज़ार करता नज़र आता है. 
इसके बाद आता है  वसंत पंचमी. स्त्रियः सकामा पवनः सुगंधिः वाला माह. बूढ़े लोगों के भी कदम बहकने लगते हैं. नियंत्रण नहीं रह जाता उनका अपने विवेक पर और वे फिर इधर उधर भटकने लगते हैं. शायद इसी को ध्यान में रखकर होली का त्यौहार बनाया गया है. इस पावन पर्व पर किसी को कुछ भी करने की पूरी आज़ादी होती है.    जश्न मनाने का सही मौका होली के  पर्व पर मिलता है.  हम मुंह में कालिख पोते, दारु पीकर टुल हर आते जाते को गाली देने को और किसी के भी घर में घुसपैठ मचाने को  स्वतंत्र होते हैं. क्या मजाल की कोई प्रतिवाद करे. मन की पूरी भड़ास बाहर. बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले बूढ़े लोग भी खुश.
इसके बाद गर्मियों की छुट्टियाँ आ जाती हैं और बच्चों को घुमाने के बहाने हम फिर जश्न मनाने पहाड़ों की सैर पर निकल पड़ते हैं. इन्हीं दिनों शादी-व्याह का भी जश्न पूरे जोर पर होता है . हालांकि आजकल ये बारहमासा हो गया  है जो हमारे आनंद में वृद्धि ही करता है. फिर राखी, भैया दूज, गणेश चतुर्थी, करवा चौथ , कजरी , तीज, दुर्गा पूजा, दीवाला निकाल देने वाला दीवाली, काली पूजा,  छठ पूजा न जाने कितने  त्योहार आते हैं. इसके अलावा  हम  जन्म दिन का जश्न,  शादी  की साल गिरह,  कुम्भ मेला, कांवड़ यात्रा , रेल रोको, धरना-प्रदर्शन आदि तमाम तरह के अनेकानेक जश्न भी मनाते  हैं. 
इस तरह, उपर्युक्त सभी बातें यह सिद्ध करने के लिए पर्याप्त हैं कि भारत कृषि प्रधान कम और जश्न प्रधान देश अधिक है . कम से कम मेरा तो यही मानना है, आप जो चाहे मानें .